उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! देहरादून-टनकपुर एक्सप्रेस अब सप्ताह में तीन दिन चलेगी, जिससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवाजाही और सुगम होगी।
उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है! देहरादून-टनकपुर एक्सप्रेस (15019/15020) अब सप्ताह में तीन दिन चलेगी। रेल मंत्रालय ने इस संबंध में स्वीकृति दे दी है और रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से यह सौगात उत्तराखंडवासियों को मिली है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 अक्टूबर, 2025 को नई दिल्ली में रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी, जिसके दौरान इस विषय पर विस्तृत चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टनकपुर-देहरादून रेल सेवा को सप्ताह में तीन बार चलाने की स्वीकृति प्रदान की है।
नई समय सारिणी के अनुसार, 15019 देहरादून-टनकपुर एक्सप्रेस अब बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी (पहले केवल रविवार को चलती थी)। 15020 टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस अब मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी (पहले केवल शनिवार को चलती थी)।
यह सेवा वृद्धि यात्रियों की बढ़ती मांग और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए की गई है। रेल मंत्रालय ने उत्तराखंड के यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस निर्णय को शीघ्र प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए रेल मंत्री एवं रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “देहरादून-टनकपुर रेल सेवा के विस्तार से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। यह न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है, जिससे आने वाले समय में पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक रेल संपर्क सुनिश्चित होगा।
Subscribe to Our Newsletter
Keep in touch with our news & exclusive articles
Thank you for subscribing to the newsletter.
Oops. Something went wrong. Please try again later.












