अल्मोड़ा के नए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पदभार संभालते ही स्वास्थ्य सुरक्षा और पेयजल व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने दीपावली से पहले इन क्षेत्रों में सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने दीपावली पर्व और जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कीं। उन्होंने त्योहारों के दौरान जनपद में सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 108 एम्बुलेंस सेवा, ट्रामा सेंटर, बर्न यूनिट, ब्लड बैंक सहित सभी आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रहें। अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ की तैनाती की जाए और ड्यूटी रोस्टर पहले से तैयार कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए अग्निशमन, पुलिस, परिवहन व स्वास्थ्य विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा जाए।
जिलाधिकारी ने पटाखा बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर देते हुए कहा कि पटाखा बाजार नियमों के तहत निर्धारित स्थलों पर ही लगाए जाएं तथा वहां अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भी निर्देश दिए गए कि दीपावली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों की गुणवत्ता की रैंडम जांच कर जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पेयजल टैंकों की सफाई न होने संबंधी शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित विभागों को पत्र जारी कर कहा कि वर्षा ऋतु के बाद कई स्थानों पर पेयजल टैंकों की सफाई न होने से दूषित जल आपूर्ति की शिकायतें मिल रही हैं, जो जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी टैंकों की सफाई तत्काल कराई जाए और नवीनतम सफाई तिथि टैंकों पर अंकित की जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पांडेखोला स्थित सोबन सिंह जीना राजकीय मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज के संचालन, फैकल्टी, स्टाफ और बेस अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ओपीडी सेवाएं निर्धारित समय पर नियमित रूप से संचालित हों और जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें।
Subscribe to Our Newsletter
Keep in touch with our news & exclusive articles
Thank you for subscribing to the newsletter.
Oops. Something went wrong. Please try again later.












